रामपुर कारखाना। जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ ने मंगलवार को जनता इंटर कॉलेज और अशोक इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, अभिलेखों और मिड डे मील की गुणवत्ता का जायजा लिया।
उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से विषयवार प्रश्न पूछे और शिक्षकों को समयबद्ध ढंग से पाठ्यक्रम पूरा कराने के निर्देश दिए।
जनता इंटर कॉलेज में डीआईओएस ने उपस्थिति पंजिका, प्रवेश पंजिका समेत अन्य अभिलेखों की जांच की।
प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार के साथ कक्षाओं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारी का आकलन किया। इसके बाद अशोक इंटर कॉलेज, डुमरी पहुंचे। दोपहर के भोजन के समय उन्होंने रसोई का निरीक्षण किया और प्रधानाचार्य देवेंद्र नाथ तिवारी और रसोइयों से मिड डे मील के मेन्यू की जानकारी ली।
भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए स्वयं भोजन चखा। इसके बाद अभिलेखों की जांच कर कक्षाओं में छात्र-छात्राओं से पढ़ाई के संबंध में सवाल-जवाब किए।
उन्होंने शिक्षकों को बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय के भीतर पाठ्यक्रम पूरा कराने और शिक्षण व्यवस्था में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।