सलेमपुर के मझौलीराज नगर में तेज बुखार और चिकन पॉक्स से बच्चों की मौत का सिलसिला जारी है। इससे नगरवासी सहमे हुए हैं। बृहस्पतिवार देर शाम भी तेज बुखार से पीड़ित एक बच्ची की मौत हो गई। वहीं, उसकी बड़ी बहन बुखार से गंभीर रू प से पीड़ित है। नगर में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले की जानकारी लेने के बाद पीड़ित बच्ची का उपचार किया। इसके अलावा लोगों को साफ -सफाई के प्रति जागरूक किया।
मझौलीराज नगर के टेढ़ी मोहल्ला निवासी रामनाथ गुप्ता की पांच वर्षीय बेटी सीलम को बुधवार को बुखार हुआ और शरीर में खुजली के साथ मटर जैसा दाना निकल गया। घर वाले चिकन पॉक्स समझे और उसका इलाज नगर के एक डॉक्टर के यहां कराया। बृहस्पतिवार की शाम को अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में घर वाले उसे सीएचसी लाए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी 14 वर्षीय बड़ी बहन नीलम भी बुखार से पीड़ित है। सीलम की मौत के बाद घर व मोहल्ले के लोग सहम गए हैं।
इसके पूर्व भी इस मोहल्ले में तीन माह के अंदर पांच बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके विरोध में लोगों ने एक बार सड़क जाम कर सीएमओ का पुतला जलाया था। कई बार इस मोहल्ले में स्वास्थ्य विभाग की टीम गई और इलाज किया। बच्ची की मौत के बाद शुक्रवार को डॉ. एसएन त्रिपाठी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम टेढ़ी मोहल्ले में गई और बीमार बच्ची का इलाज किया। इसके अलावा मोहल्ले व घरों में सफाई का निर्देश दिया।