देवरिया। भलुअनी थाना क्षेत्र की एक युवती को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने और उसके परिजन से मारपीट करने के आरोपी राकेश यादव की जमानत अर्जी न्यायालय ने खारिज कर दी।
सिविल जज सीनियर डिविजन, एफटीसी प्रथम एवं एसीजेएम प्रफुल्ल उपाध्याय ने छह नवंबर को सुनवाई के बाद आरोपों की गंभीरता को देखते हुए यह आदेश दिया। आरोपी 19 अक्तूबर से जिला कारागार में बंद है।
भलुअनी थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, राकेश यादव पर युवती को शादी का झांसा देने और साथ ले जाने का आरोप है। आरोप है कि युवती के परिजन जब आरोपी के घर पूछताछ करने पहुंचे तो उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने दलील दी कि राकेश को गलत तरीके से फंसाया गया है।
युवती माता-पिता की प्रताड़ना से परेशान होकर स्वयं घर से निकल गई थी। वह देवरिया रेलवे स्टेशन के आसपास चली गई थी।
आरोपी ने उसका अपहरण नहीं किया है। अभियोजन पक्ष ने आरोपों की गंभीरता का हवाला देते हुए जमानत का विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और पत्रावली का अवलोकन करने के बाद न्यायालय ने जमानत अर्जी खारिज कर दी।