भाटपाररानी। खामपार थाना के ग्राम नोनार कपरदार में एक युवक ने बृहस्पतिवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। मुंह से झाग निकलते देख बेहोशी की हालत में परिजन उसे तत्काल पीएचसी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्राम नोनार कपरदार निवासी शंभू प्रजापति का 18 वर्षीय पुत्र विकास प्रजापति बाहर प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वह हाल ही में दशहरा के पर्व पर घर आया था। किसी बात से नाराज होकर उसने बृहस्पतिवार की सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रभारी चिकित्साधिकारी भाटपाररानी डॉ. इमाम हुसैन सिद्दीकी ने बताया कि युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। गंभीरावस्था में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। संवाद