भाटपार रानी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसुई भाटपाररानी की हालत में सुधार नहीं हो रहा है। सोमवार को यहां केवल एक स्वास्थ्य कर्मी डेंटल हाइजीनिस्ट उपस्थित थे। डेंटल हाइजीनिस्ट दवा वितरण का कार्य कर रहे थे न तो कोई चिकित्सक था और नहीं अन्य स्वास्थ्य कर्मी।
यहां एक बजे तक ओपीडी में मात्र पांच मरीजों का पंजीकरण हुआ था। यहां इमरजेंसी चिकित्सा व्यवस्था बंद है। बता दें कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बदहाली पर समाचार प्रकाशित किया था। इस केंद्र पर एसीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार पांडे और डॉ. अनूप कुमार पांडे की तैनाती है। इसमें डॉ. अश्विनी कुमार पांडे को जिला अस्पताल से संबद्ध कर दिया गया है। इसके अलावा चीफ फार्मासिस्ट संजय शर्मा, डेंटल हाइजीनिस्ट शमशाद अहमद, वार्ड बॉय अरुण चतुर्वेदी, स्टाफ नर्स प्रेमा देवी की तैनाती है। इनमें से सोमवार को केवल डेंटल हाइजीनिस्ट ही ड्यूटी पर आए थे। डेंटल हाईजीनिस्ट शमशाद अहमद ओपीडी में पहुंचे ग्राम केहुनिया के गेना लाल यादव का पूर्व की पर्ची देखकर दवा दे रहे थे।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित भाटपार रानी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों की भीड़ उमड़ी थी। यहां 1.30 बजे तक 117 मरीजों का पंजीकरण हो चुका था।