संवाद न्यूज एजेंसी
चनुकी। हिस्सेदार की जगह जमीन पर दूसरे का नाम चढ़वा कर बैनामा करा लेने के मामले में पुलिस ने लेखपाल और कानूनगो सहित आठ लोगों पर धोखाधड़ी आदि धाराओं में केस दर्ज किया है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, लार थाना क्षेत्र के बुढ़नपूरा गांव निवासी राजेंद्र दुबे और अखिलानंद पुत्र खूबलाल दुबे आराजी संख्या 31 के हिस्सेदार हैं। आरोप है कि उक्त जमीन पर राजेंद्र दुबे ने हल्का लेखपाल और कानूनगो की मिलीभगत से अखिलानंद पुत्र खूबलाल की जगह अखिलानंद पुत्र चंद्रभान का नाम दर्ज करा दिया।
नाम दर्ज कराने के बाद जमीन को अपनी पत्नी विजय लक्ष्मी के नाम से बैनामा करा लिया। इस बैनामा में अपने दो बेटों को गवाह बना दिया है। इस की जानकारी जब भूमि मालिक को हुई तो उसने पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने इस मामले में तेजनारायण दुबे पुत्र वीरेंद्र दुबे निवासी बुढ़नपुरा की तहरीर पर राजेंद्र दुबे पुत्र हरिहर, विजय लक्ष्मी पत्नी राजेद्र, धीरेंद्र दुबे, अमित दुबे पुत्र राजेंद्र दुबे, नवल किशोर पुत्र अखिलानंद, राजेश कुमार पुत्र अखिलानंद निवासी बभनौली थाना लार सहित लेखपाल अजय यादव व कानूनगो भोला गुप्ता पर धोखधड़ी का केस दर्ज किया है ।