देसही देवरिया के बरवा मीरछापर गांव में गाय के गोबर से दीये और मूर्तियां बनाती समूह की महिलाएं
हरिश्चंद्र सिंह देसही देवरिया। देवरिया के एक छोटे से गांव में महिलाओं के हाथों से तैयार हो रहे गोबर के दीये इस दिवाली रामनगरी अयोध्या और लखननगरी लखनऊ को रोशन करेंगे। बरवा मीरछापर गांव के लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के हुनर की चमक अब बड़े शहरों तक पहुंच रही है।
गाय के गोबर से तैयार पर्यावरण अनुकूल दीयों की मांग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि समूह को अयोध्या से 6800, लखनऊ से छह हजार और गोरखपुर से तीन हजार दीयों के ऑर्डर मिले हैं। त्योहार की मांग ने न सिर्फ इन महिलाओं के हुनर को नई पहचान दी है, बल्कि गांव में ही रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई रोशनी भी जगाई है।
गांव में सुनीता कुशवाहा के नेतृत्व में समूह की महिलाएं इन दिनों दीये बनाने में जुटी हैं। मिट्टी के दीयों जैसे दिखने वाले उत्पाद अलग-अलग आकार और डिजाइन में हैं।
दीयों की कीमत भी आम लोगों की पहुंच में रखी गई है। सादा दीया दो रुपये और रंगीन दीया तीन रुपये में उपलब्ध है। लक्ष्मी की अकेली मूर्ति 30 रुपये, लक्ष्मी-गणेश की संयुक्त मूर्ति 60 रुपये और स्वास्तिक पांच रुपये में बेचा जा रहा है। ऑर्डर समय से पूरा करने के लिए समूह की 10 से 15 महिलाएं रोजाना मेहनत कर रही हैं। जिले और आसपास के बाजार से भी मांग आ रही है। महिलाओं का कहना है कि गोबर से बने इन उत्पादों को पर्यावरण के अनुकूल होने के कारण लोग पसंद कर रहे हैं। इससे समूह की महिलाओं को अच्छी आमदनी भी हो रही है। संवाद