सलेमपुर। एक दिन पहले घर से टहलने निकले व्यापारी का दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका। हांलाकि कोतवाली पुलिस एनडीआरएफ टीम को लगाकर तलाश कर रही है। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 किशोरगंज के रहने वाले मुन्ना रौनियार (65) वर्ष पुत्र रामदास सब्जी मंडी में गल्ला का व्यापार करते हैं। मंगलवार की भोर करीब पांच बजे वह रोज की भांति घर से टहलने के लिए निकले। राहगीरों के मुताबिक वह अपना मोबाइल रेलिंग पर रखकर छाेटी गंडक नदी में छलांग लगाने जा रहे थे उसी दौरान वहां मौजूद कुछ राहगीरों ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन वह नदी में कूद गए। लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने लोकल गोताखोरों की मदद से नाव लगाकर व्यापारी की तलाश शुरू कर दी। अभी तक उसका पता नहीं चल सका। उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल सुनील कुमार पटेल ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद लोकल गोताखोरों और एनडीआरएफ टीम लगा कर तलाश की जा रही है। अभी उसका पता नहीं चल सका है। संवाद