चनुकी। लार थाना क्षेत्र के पिंडी इंटर कॉलेज के सामने स्थित समाधि बाबा के बगीचे में युवक को गोली लगने के मामले में पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में अवैध असलहे की टेस्टिंग के दौरान गोली चलने की आशंका सामने आई है।
हालांकि, जिस असलहे से गोली चली वह 24 घंटे बाद भी बरामद नहीं हो सका है। पुलिस इस मामले में तीन लोगों से पूछताछ कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिंडी स्थित रबर फैक्टरी के पीछे और समाधि बाबा के बगीचे के आसपास मनबढ़ युवकों का जमावड़ा लगता है और अवैध असलहों की खरीद फरोख्त भी होती है। बताया जाता है कि सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे सात युवक बगीचे में मौजूद थे। इसी दौरान महाल मंझरिया निवासी प्रकाश यादव के जबड़े में असलहा टेस्टिंग करते समय गोली लग गई। घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर मौजूद युवकों में से तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अवैध असलहे की टेस्टिंग की बात सामने आई है। हिरासत में लिए गए युवकों से मिली जानकारी के आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि असलहे की टेस्टिंग का उद्देश्य क्या था।