रुद्रपुर/देवरिया। लेड़हा टोला सामूहिक हत्याकांड में खून खराबे और बवाल की वजह बनी जमीन के पूर्व मालिक ज्ञान प्रकाश दूबे को पुलिस ने खोज निकाला है। उसकी तलाश के लिए निकली पुलिस टीम को गुजरात में लोकेशन मिली। इसके बाद पुलिस ने उससे मोबाइल फोन पर बातचीत भी की। भाई सत्यप्रकाश दूबे और उनके परिवार की हत्या की जानकारी मिलने पर ज्ञान प्रकाश फूट-फूट कर रोया। अब पुलिस उसे गांव पर बुलाकर बयान दर्ज कराने की तैयारी में है। इसके लिए ज्ञान प्रकाश ने हामी भी भरी है।
लेड़हा टोला निवासी सत्यप्रकाश दूबे के छोटे भाई ज्ञान प्रकाश दूबे उर्फ साधु ने अपनी चल-अचल संपत्ति प्रेम यादव और रामजी के नाम कर दी थी। इसमें दस बीघा जमीन का बैनामा ज्ञान प्रकाश ने किया है। घटना की जांच में यह बात सामने आई है कि ज्ञान और सत्यप्रकाश के बीच हिस्सेदारी का विवाद था। ज्ञान प्रकाश दूबे प्रेम यादव के घर पर रहता था, लेकिन बीते तीन माह से वह लापता था। इसको लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हो रही थीं। मामले की जांच पुलिस ने शुरू की तो ज्ञान प्रकाश का फोन नंबर शुक्रवार को मिल गया। पुलिस ने फोन पर बातचीत की तो तो पता चला कि वह गुजरात में एक फैक्ट्री में काम कर रहा है। इस पर पुलिस ने पूरी घटना के बारे में जानकारी दी।
एक पुलिस अफसर ने बताया कि ज्ञान को भाई-भाभी, भतीजे, भतीजी और प्रेम की हत्या की जानकारी दी गई तो वह फोन पर ही फूट-फूट कर रोने लगा। कुछ देर तक चुप रहने के बाद उसने फिर से बात करनी शुरू की तो पुलिस अफसर ने बताया कि बयान दर्ज करने के लिए उसे बुलाया जाएगा। इसके कारण वह हमेशा पुलिस के संपर्क में रहे। इस पर उसने अफसोस जाहिर करते हुए खुद ही घर आने की बात कही।