- सात गांव के करीब 15 हजार आबादी को पानी मुहैया कराने के लिए बन रही है पानी की टंकी
- गुणवत्ता पर सवाल खड़ा कर ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से की शिकायत, जिम्मेदार मौन
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। जल जीवन मिशन योजना के तहत बनाई गई पंप हाउस की चहारदीवारी पहली ही बारिश में धराशायी हो गई। इसको लेकर ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करते हुए विभाग के उच्चाधिकारियों से शिकायत की है, मगर जिम्मेदार मौन हैं। हालांकि ठेकेदार चहारदीवारी दुरुस्त कराने में जुट गया है।
ब्लॉक के ग्राम पंचायत अनुआपार में घुसरी, सेमरा घुसरी, पिवकोल, इनरहां, हरिशचंद्र कोड़रा, अनुआपार व हरनही राजस्व गांव हैं। इसमें करीब 15 हजार आबादी है। गांव के लोगों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन याेजना से करीब डेढ़ करोड़ की लागत से जल निगम ग्रामीण की ओर से पानी टंकी के साथ ही पंप हाउस बनाया जा रहा है।
पानी की टंकी व पंप हाउस की चहारदीवारी लगभग 20 मीटर तक गिर गई है। अभी पंप हाउस का निर्माण चल रहा है। जबकि चहारदीवारी बने कुछ ही महीना हुआ है। योजना के तहत सात गांव के लगभग 700 से ज्यादा घरों में वाटर सप्लाई का कनेक्शन दिया जाना है। ग्राम प्रधान बीरबहादुर कुशवाहा ने बताया कि बाउंड्री वाल गिर गई है। इसकी शिकायत विभाग के अधिकारियों से किया गया है।