खामपार (देवरिया)। विद्युत उपकेंद्र भिंगारी बाजार में कार्यरत टेक्नीशियन द्वितीय विशाल यादव (45) पुत्र सियाराम यादव की बुधवार की रात उनके कमरे में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही खामपार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक मूल रूप से कुशीनगर जनपद के कसया नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या आठ के निवासी थे। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। बताया गया कि विशाल यादव पिछले एक माह से भिंगारी बाजार में विजय बरनवाल के मकान में किराए पर रह रहे थे। थानाध्यक्ष खामपार प्रदीप अस्थाना ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का पता चल सकेगा। संवाद