टूटे हुए ढाले के बूम को ठीक करते रेलकर्मी
लार रोड। रेलवे स्टेशन के दक्षिणी ढाले का बैरियर मंगलवार की सुबह करीब 8.36 बजे गोदाम एक्सप्रेस के जाने के बाद उठाते समय टूट गया। संयोग अच्छा था कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया। इसके बाद गेटमैन ने जंजीर लगाकर इंटरसिटी और कृषक एक्सप्रेस को पार कराया। दो घंटे बाद इसे ठीक किया गया।
लार रोड रेलवे स्टेशन का दक्षिणी ढाला सुबह नान स्टॉपेज गोदान अप एक्सप्रेस ट्रेन के लिए बंद किया गया। ट्रेन बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन के लिए आगे बढ़ी तो गेटमैन बैरियर को उठा रहा था। इस दौरान अचानक बैरियर का पाइप टूट कर गिर गया। उस वक्त कई लोग क्रॉसिंग पार करने के लिए आगे बढ़ रहे थे। संयोग रहा कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया।
गेटमैन ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। लार रोड व सलेमपुर के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बैरियर की मरम्मत शुरू की। इस बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस डाउन और कृषक एक्सप्रेस अप को जंजीर लगाकर पास कराया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि स्लाइडर बूम टूट गया था, लेकिन कोई चोटिल नहीं हुआ। इससे ट्रेनों के संचालन पर भी कोई असर नहीं पड़ा। टूटे हुए बूम को ठीक करा दिया गया है।