संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जुमे की नमाज और मूर्ति विसर्जन को लेकर पुलिस शहर से लेकर गांव तक चौकन्ना रही। एएसपी उततरी आनंद कुमार पांडेय और एडीएम प्रशासन जैनेंद्र सिंह शहर में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संवेदनशील मार्गों, धार्मिक स्थलों, चौक-चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया।
मूर्ति विसर्जन को लेकर जहां दोपहर में जुलूस निकलने लगा, वहीं जुमे की नमाज को लेकर मस्जिद के बाहर नमाज पढ़ने वालों की भीड़ जुटने लगी। जिले के सभी तहसील के सीओ, एसडीएम, थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। वहीं शहर में एएसपी, एडीएम के नेतृत्व में पुलिस पैदल गश्त कर पुलिस बल को सतर्कता एवं सक्रियता के साथ अपनी-अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने हेतु निर्देश दिया।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर सतर्क दृष्टि रखने को कहा। वहीं सलेमपुर और लार कस्बे में जो भी प्रतिमाएं विसर्जन के लिए जाती है। रास्ते में मस्जिद और ईदगाह पड़ता है, इसको देखते हुए पीएसी और पुलिस की अतिरिक्त यहां पर ड्यूटी लगाई गई थी। मेहरौना में मस्जिद के पास वर्ष 2016 में दंगा हो गया था और दुकानें जला दी गई थी। इसको लेकर यहां पर पुलिस काफी संख्या में तैनात रही।