भटनी। देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी राजू उर्फ अफरोज अब सार्वजनिक रूप से माफी मांगता नजर आ रहा है। आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
वीडियो में भटनी के सिंगहीडीह गांव निवासी राजू उर्फ अफरोज यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि वह किसी के बहकावे में आकर ऐसी हरकत कर बैठा और उसका उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं था। उसने लोगों से अपील की है कि उसके बयान को गलत न समझा जाए। बताया जा रहा है कि आरोपी ने देवरिया में अवैध मजार के ध्वस्तीकरण के बाद आक्रोश में आकर सोशल मीडिया पर देवरिया सदर विधायक को जान से मारने की धमकी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भटनी थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। सीओ भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी देने का मामला गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। आरोपी की तलाश की जा रही है।