संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/सलेमपुर। देवाश्रम मठ लार के महंत और कुछ दिन पहले एक साधु के आने से खींचतान बढ़ गई है। महंत और साधु के समर्थन में अलग-अलग समर्थक सामने आ गए हैं और आपसी गुटबाजी बढ़ती जा रही है।
महंत आश्रम में ताला बंद कर कहीं चले गए हैं। इसके चलते यहां के मंदिरों में पूजा-पाठ नहीं हो रहा है। महंत की शिकायत पर सीओ सलेमपुर, थानाध्यक्ष मठ पर पहुंचे। छात्रावास में मौजूद साधु से बातचीत कर पूरे मामले को समझा। वहीं छात्रावास में रह रहे बीएड के छात्रों ने सीओ को बताया कई दिन से यहां विवाद चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले देवाश्रम मठ लार पर हरिद्वार से आए एक साधु महंत के बगल वाले कमरे में रहने लगे। एक दिन साधु देवरिया विश्व हिंदू परिषद के कार्यक्रम में शमिल होने गए थे। लौटे तो मठ में ताला बंद मिला। पता चला कि महंत अभयानंद गिरि ताला बंद कर कहीं चले गए हैं। उसी दिन से आज तक मठ में ताला बंद है।
हरिद्वार से आए साधु ताला बंद होने के कारण बीएड छात्रावास के एक कमरे में रहने लगे। इधर कुछ लोग छात्रावास में पहुंच कर उनसे नोकझोंक की। उन्होंने इसकी शिकायत लार पुलिस से की। पुलिस भी मौके पर आई, मगर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
उधर, महंत अभयानंद गिरि ने भी लार पुलिस को एक शिकायती पत्र दिया है, जिसमें मठ के पैड के दुरुपयोग की शिकायत की गई है। मठ पर उपजे इस विवाद से खींचतान और समर्थकों के बीच गोलबंदी बढ़ती जा रही है।
वहीं लार पुलिस ठोस निर्णय लेने की जगह मामले को नजरअंदाज कर रही है।