संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से प्रतीक्षित दर्शन चौराहा से चखनी घाट तक की टू-लेन सड़क निर्माण परियोजना को हरी झंडी मिल गई है।
करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का टेंडर हो चुका है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने वाला है।
इस सड़क के बन जाने से न सिर्फ जिले की बिहार की दूरी में कमी आएगी, बल्कि आवागमन में लगने वाला समय भी घट जाएगा। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सड़क तैयार होने के बाद क्षेत्र में व्यापार, कृषि और परिवहन को नई दिशा मिलेगी। भटनी के चखनी घाट तक टू-लेन सड़क, घाट पर सेतु और केवनिया घाट पर जर्जर पुल की जगह नया सेतु बनाने की मांग काफी दिनों से चल रही थी।
क्षेत्रीय विधायक सभां कुंवर कुशवाहा ने 2022 विधानसभा चुनाव में तीनों प्रमुख मांग पूरा करने का वादा किया था। चुनाव जीतने के बाद विधायक परियोजना की स्वीकृति के लिए लगे रहे। विधायक के प्रयास से चखनी घाट और केरवनिया घाट पर सेतु निर्माण का कार्य चल रहा है।
दर्शन चौराहा से चखनी घाट तक टूलेन सड़क बनाने का टेंडर भी पूरा कर लिया गया है। जिम्मेदारों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का दावा किया है।
इसके बन जाने से करीब पचास गांवों को इस सड़क निर्माण से सीधा लाभ मिलेगा। निर्माण के दौरान और उसके बाद रोजगार के भी कई अवसर पैदा होंगे।
स्थानीय निवासी राम अवध यादव, प्रवीण राय, जितेंद्र यादव, सतीश मिश्र आदि लोगों ने बताया कि यह सड़क हमारे लिए जीवन रेखा साबित होगी। अब खेतों की उपज बाजार तक आसानी से पहुंच सकेगी। वहीं युवाओं ने भी उम्मीद जताई कि इससे रोजगार और व्यवसाय दोनों के अवसर बढ़ेंगे। अवर अभियंता नवीन चौरसिया ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया हो गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।