बरहज। नगर के लवरछी बाईपास पर ट्रेलर की ठोकर से टेंपो पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार अलग-अलग गांवाें के चार लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई।
नगरपालिका टैक्सी स्टैंड से सवारी भरकर टेंपो देवरिया के लिए निकला था। लवरछी बाईपास पर विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने टेंपो में ठोकर मार दी, जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे टेंपो में सवार हरनौठा गांव निवासी संतोष तिवारी (57), बड़का गांव के हरेराम यादव (54) और महुईं श्रीकांत निवासी बहनें रूबी (29) व ज्योति (25) घायल हो गईं। आननफानन घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर सभी की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान संतोष्इ तिवारी की मौत हो गइ। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस गई थी। मामले की जांच की जा रही है।