देवरिया। शहर के सीसी रोड स्थित एक माॅल के पास मेला घूमने आए युवक को मनबढ़ों ने चाकू मारकर अधमरा कर दिया। आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शहर के ट्यूबवेल कॉलोनी मोहल्ला निवासी सुयश मिश्रा (22) पुत्र विनीत मिश्रा सोमवार की रात दुर्गा पूजा मेला घूमने के लिए घर से निकला था। वह शहर के सीसीरोड स्थित एक मार्ट के पास पहुंचा था। इसी बीच कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। इस दौरान मनबढ़ों ने उसे चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आस-पास के लोगों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने लोगों के सहयोग से घायल को मेडिकल कॉलेज की इंमरजेंसी में भर्ती कराया। घटना की जानकारी होने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया। कोतवाल दिनेश मिश्रा ने बताया कि दो लोगाें को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।