दोपहर में 41 डिग्री पहुंचा पारा, तबीयत बिगड़ी तो डेढ़ सौ लोगों को कराना पड़ा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सुबह 11 बजे के बाद शहर के महाराजा अग्रसेन इंटर काॅलेज में जैसे-जैसे मतगणना के रुझान सामने आते गए, वैसे-वैसे दिन का तापमान भी चढ़ता गया। गर्मी व तेज धूप से बेहाल लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। करीब 10 लोग गश खाकर डगमगाने लगे। परिसर में बने स्वास्थ्य शिविर में करीब डेढ़ सौ लोगों ने इलाज कराया। इसमें 10 लोग गंभीर थे। शनिवार सुबह से तीखी धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया था। मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों के समर्थक व मीडिया कर्मियों के लिए छांव के इंतजाम नाकाफी थे। 11 बजे के बाद हालत खस्ता होने लगी। प्रत्याशियों के एजेंट व समर्थक मीडिया के लिए लगे टेंट में आकर आराम कर रहे थे। हालांकि यहां भी उमस कम नहीं थी। 41 डिग्री तापमान में कई लोगों को चक्कर आ रहा था। स्वास्थ्य शिविर में जाकर लोग ओआरएस और गैस की दवाई ले रहे थे। लोगों के इलाज के लिए डॉ. जफर अनीस, डॉ. मनीष सैनी, फार्मासिस्ट आरपी यादव, स्टाफ नर्स अनुपमा, एलटी योगेंद्र आदि तैनात थे। इमरजेंसी सेवा के लिए राष्ट्रीय सचल इकाई की एंबुलेंस खड़ी की गई थी।