सदर तहसील दिवस में अपनी समस्या लेकर तहसील पहुंचे फरियादी।
देवरिया में तहसील दिवस में आला अधिकारियों की गैरमाजूदगी से फरियादी निराश हो गए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के आने पर सैकड़ों फरियादी पहुंचें थे लेकिन दोनों अधिकारियों के कुछ देर के बाद चले जाने पर मायूस हो उठे। इसके बाद एसडीएम और सीओ ने शिकायत सुनी। कुल 31 मामलों में राजस्व के पांच मामलों का निस्तारण हो सका। शेष संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
जिलाधिकारी अनिता श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी को सदर तहसील में फरियादियों की शिकायत को सुनना था। इसके लिए सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक का समय निर्धारित था। जैसे ही लोगाें को मालूम चला कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तहसील दिवस में मौजूद रहेंगे। फरियादी उमड़ पड़े। हालांकि दोपहर 12 बजे के बाद दोनों अधिकारी उठ कर चले गए। इसके बाद फरियादी मायूस हो गए।
कुछ फरियादियों का कहना था कि बड़े अधिकारियों को शिकायत सुनने का समय नहीं है तो अन्य विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली के बारे में समझा जा सकता है। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी सीमा पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीके सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।