बेटी की मौत के बाद रोती बिलखती मां
- फोटो : SALEMPUR
24 घंटे बाद मिला लापता किशोरी का शव
सरयू नदी में नाव हादसा में मरनेवालों की संख्या छह हुई
घर से कॉलेज में शरण लेने आते समय बुधवार को हुई थी नाव पलटने की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मईल। सरयू नदी में नाव पलटने से लापता हुई किशोरी का शव मिला है। 24 घंटे बाद बृहस्पतिवार को देवरहवा बाबा आश्रम के निकट उतराता हुआ किशोरी का शव बरामद किया गया जिसकी सूचना मधुबन थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय देवरिया भेज दिया। नाव डूबने से मरने वालों की संख्या छह हो गई है।
मऊ जनपद के चक्की मुशाडोही गांव में इतना बड़ा हादसा हो जाने से गांव वाले सहमे हुए हैं। बाढ़ के चलते इस समय गांव के चारों तरफ से पानी घिर गया है। वहां से मईल थाना क्षेत्र के श्रीराम महाविद्यालय तेलिया कला को राहत शिविर केंद्र मऊ जनपद के प्रशासन ने बनवाया है जिसमें रहने के लिए दोपहर बाद बुधवार को चक्की मुसाडोही गांव के 15 लोग अपने सामान के साथ नाव में सवार होकर आ रहे थे। नाव अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई जिसमें 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक किशोरी खुशी (15) लापता हो गई थी। बृहस्पतिवार को उसका शव सरयू नदी में देवरहवा बाबा आश्रम के समीप तैरता हुआ मिला। लोगों की मदद से मधुबन थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मधुबन थाना के एसआई सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए देवरिया जिला अस्पताल भेजा गया है।