मंगलवार को प्रथम पाली में है गणित की परीक्षा, एसटीएफ सहित सचल दल को किया गया अलर्ट
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने प्रदेश के 16 संवेदनशील जनपद में जिले को किया है शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल के गणित की परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन अधिक सावधान दिख रहा है। गणित विषय को लेकर नकल माफिया सहित संवेदनशील केंद्रों पर भी एसटीएफ एवं सचल दल की विशेष नजर रहेगी। इसके लिए सभी को सोमवार को ही अलर्ट कर दिया गया। कंट्रोल रूम को भी निगरानी में सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
हाईस्कूल के गणित में पिछले सालों का अनुभव देखते हुए इस बार ज्यादा चौकसी बरती जा रही है। जनपद के नकल माफिया कठिन माने जाने वाले इस विषय में पूर्व में खेल करते रहे हैं। इसे लेकर जिले की लगातार बदनामी भी शिक्षा जगत में होती रही है। यही कारण है कि माध्यमिक शिक्षा विभाग ने प्रदेश के 16 संवदेनशील जिले में इस बार देवरिया को भी शामिल किया है।
डीआईओएस विनोद कुमार राय ने बताया कि गणित के प्रश्नपत्र के लिए सभी टीमों को सक्रिय किया गया है। छह सचल दल मंगलवार को अधिक से अधिक केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों को ज्यादा सक्रिय रहने का आदेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि गणित के प्रश्नपत्र में कहीं से भी नकल की सूचना मिली तो केंद्र व्यवस्थापक को सीधे जिम्मेदार माना जाएगा और शासन की मंशा के अनुरूप उन पर कार्रवाई होगी।
-
सोमवार की रात में कई केंद्रों पर जाकर देखी व्यवस्था
डीआईओएस ने सोमवार की रात में कई केंद्रों पर जाकर अगले दिन की परीक्षा की तैयारी व्यवस्था को परखा। इसमें ठाकुरजी धनुषधरी महाराज इं.कॉ.विशुनपुर कला, आरएस उमावि.विशुनपुर कला, श्रीमती गुजराती देवी स्मारक आंबेडकर इं.कॉ.धुसवा, इशारा पब्लिक इं.कॉ.मलघोच विरैचा, देवनंदन इं.कॉ.बिरछापट्टी, सेंट्रल पब्लिक हाईस्कूल बघौचघाट, श्रीराधे कृष्ण इं.कॉ.पथरदेवा सहित अन्य केंद्र शामिल रहे।
534 परीक्षार्थियों ने छोड़ दी परीक्षा
सोमवार को यूपी बोर्ड की परीक्षा में हाईस्कूल के गृह विज्ञान के प्रश्नपत्र में पंजीकृत 13,570 में 12,381 उपस्थित एवं 429 अनुपस्थित रहे। इंटर में वाणिज्य वर्ग के लेखाशास्त्र विषय में पंजीकृत 842 में 737 उपस्थित एवं 105 उपस्थित रहे।
सीबीएसई 12वीं की हिंदी में 55 परीक्षार्थी नहीं हुए शामिल
देवरिया। जिले के 10 केंद्रों पर सोमवार को सीबीएसई बोर्ड की 12वीं में हिंदी के प्रश्नपत्र में 55 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिला समन्वयक एवं सेंट जेवियर्स स्कूल सलेमपुर के प्रधानाचार्य वीके शुक्ल ने बताया कि सभी 10 केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा सुबह साढ़े 10 से दोपहर 1:30 बजे तक हुई। परीक्षार्थियों को प्रवेश सुबह नौ बजे से ही होने लगा और 10 बजे इसे बंद करा दिया गया। हिंदी में पंजीकृत 3062 परीक्षार्थियों में 3007 उपस्थित रहे।