उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से भागलपुर ब्लॉक के डॉ. राममनोहर लोहिया महाविद्यालय सतरांव में शिक्षक सम्मान समारोह और शिक्षक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें 87 सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा कि संघ शिक्षकों के हित की लड़ाई लड़ता रहेगा। संघ की मांग है कि वेतन वृद्धि, नि:शुल्क चिकित्सा और पुरानी पेंशन योजना को सरकार बहाल करे। जुुलाई महीने में सरकार से आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार मिश्र ने कहा कि शिक्षक समाज का आइना होता है। शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता है। समाज में शिक्षकों की जरूरत हमेशा रहती है। गोरखपुर-फैैजाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक के बगैर सभ्य समाज की कल्पना नहीं की जा सकती है। शिक्षक अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी तन्मयता से करें।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे संघ के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक एकजुट हों। तभी हम कोई भी लड़ाई जीत पाएंगे। कार्यक्रम को पुरुषोत्तम उपाध्यक्ष, अरूण तिवारी, अजय यादव, रामवृक्ष सिंह, सत्येंद्र तिवारी आदि ने संबोधित किया। प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष आनंद यादव ने शिक्षकों, अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। सभी ने मिलकर सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया। इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह यादव, योगेश यादव, निर्मला मिश्रा, इसरावती देवी, रामनिरंजन गोंड, सुशील सिंह, रामअशीष यादव, रमेशदत्त पाठक, अली हुसैन, पंकज मौर्य, विनोद मिश्रा आदि मौजूद रहे।
भागलपुर ब्लॉक में आज अवकाश ः बीएसए मनोज कुमार मिश्र ने भागलपुर ब्लॉक के शिक्षकों के लिए बृहस्पतिवार को अवकाश घोषित किया है। उनका कहना था कि कार्यक्रम की वजह से शिक्षकों को एक दिन आराम की जरूरत है। प्रदेश अध्यक्ष का जगह-जगह स्वागत ः देवरिया। प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा का जिले की सीमा में जोरदार स्वागत किया गया। गौरीबाजार के रामपुर चौराहा, बैतालपुर और देवरिया के सुभाष चौक पर शिक्षक उनके स्वागत में खड़े थे।