रुद्रपुर। सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर प्राथमिक शिक्षकों की नौकरी पर लटक रही तलवार के मद्देनजर सभी शिक्षक संगठन लामबंद हो गए हैं। शनिवार को टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले सभी संगठनों ने टेट अनिवार्यता के विरोध में आंदोलन की रणनीति बनाई।
बीआरसी पर आयोजित बैठक में फेडरेशन के संयोजक और प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष लालकृष्ण सिंह ने कहा कि आरटीई एक्ट के पहले नियुक्त शिक्षकों पर टेट की अनिवार्यता थोपना न्याय संगत नहीं है। इसके विरोध में शिक्षकों के सभी संगठन एकजुट होकर व्यापक आंदोलन छेड़ने का निर्णय लिए हैं। 22 फरवरी को सभी शिक्षक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना विरोध जताएंगे। 23 से 25 फरवरी तक टेट अनिवार्यता के विरोध में काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया जाएगा। 26 फरवरी को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया है। जिसमें सभी संगठनों के पदाधिकारी एवं शिक्षक साथी मौजूद रहेंगे। बैठक में जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राकेश कुमार, लक्ष्मण पासवान, अनुज कुमार श्रीवास्तव, बृजेश राव, सुधाकर गुप्ता, प्रदीप भाटिया, विनय माैजूद रहे।