देवरिया। माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट की बैठक बृहस्पतिवार को रुद्रपुर रोड स्थित कैंप कार्यालय में हुई। इसमें शिक्षक कृष्णमोहन सिंह के आत्महत्या मामले में दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। तीन दिन में कार्रवाई नहीं देने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह की आत्महत्या की घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और संबंधित बाबू के भ्रष्टाचार के गठजोड़ ने एक हंसता खेलता परिवार तबाह कर दिया। एक साल में भी उच्च न्यायालय के आदेश का अनुपालन नहीं हो सका। इससे शिक्षक ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
बेसिक कार्यालय से लेकर डीआईओएस कार्यालय तक शिक्षकों के दर्जनों मामले लंबित है और कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद शिक्षकों के मामले में अधिकारी कार्यवाही नहीं कर रहे हैं। उनका शोषण जारी है। कृष्ण मोहन सिंह प्रकरण में अभी तक बीएसए का निलंबन ना होना उसे जेल ना भेजना इसका स्पष्ट उदाहरण है। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि तीन दिन के भीतर पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने पर माध्यमिक शिक्षक संघ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष अवधेश सिंह, जिला मंत्री विजय भारत सिंह, अभिषेक पांडेय, गोरखनाथ गुप्ता, रवि प्रताप सिंह, नीरजा सिंह, जितेंद्र सिंह, महेंद्र प्रताप आदि मौजूद रहे।