बीआरसी सदर कार्यालय में जुटे शिक्षकों ने मांगों के लिए उठाई आवाज
...फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय नेतृत्व के आह्वान पर बीआरसी सदर पर सोमवार को शिक्षकों ने ऑनलाइन उपस्थिति और डिजिटलाइजेशन के विरोध में प्रदर्शन किया।
टैबलेट में व्यक्तिगत सिम के लगाने के खिलाफ उन्होंने हस्ताक्षर अभियान चलाकर करीब 600 से शिक्षकों ने महानिदेशक स्कूली शिक्षा को संबोधित मांग पत्र बीईओ विजय पाल नारायण त्रिपाठी को सौंपा।
ब्लॉक अध्यक्ष नित्यानंद यादव ने कहा कि विभागीय अधिकारी शिक्षकों की समस्याओं की अनदेखी करते हुए अव्यावहारिक आदेश जारी कर शिक्षकों को प्रताड़ित कर रहे हैं। ब्लॉक मंत्री ऋषिकेश जायसवाल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में अक्तूबर 2023 में विशाल धरना प्रदर्शन कर शिक्षकों की तमाम बिंदुओं के समाधान की मांग की गई थी। प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा व महानिदेशक स्कूल शिक्षा व प्रदेश अध्यक्ष सहित पांच उच्च स्तरीय समिति बनाकर समाधान का आश्वासन मिला, हालांकि अब तक एक भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। शिक्षकों की प्रताड़ना संघ बर्दाश्त नहीं करेगा।
प्रदर्शन में अनिल यादव, सदर तहसील प्रभारी रमेश प्रताप यादव, जिला मीडिया प्रभारी संदीप कुमार द्विवेदी, ब्लॉक संरक्षक बैजनाथ पति त्रिपाठी, शिवचंद प्रजापति, अरुण कुमार दूबे, अतहर अली, रामनयन यादव आदि शामिल रहे।