देवरिया। पुराने शिक्षकों पर टीईटी थोपने के विरोध में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले शिक्षक संगठनों की बैठक सदर बीआरसी पर बुधवार को हुई। इसमें विभिन्न शिक्षक संगठनों ने एकजुट होकर संघर्ष करने का ऐलान किया।
बैठक में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ देवरिया, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ देवरिया और उत्तर प्रदेशीय महिला शिक्षक संघ की जिला इकाई के शिक्षक शामिल हुए। इसकी अध्यक्षता शैलेंद्र कुमार सिंह ने की। संयोजक रामा जी यादव ने सभी मान्यता प्राप्त शिक्षक संगठनों से एकजुट होकर टीईटी अनिवार्यता के विरुद्ध संघर्ष करने का ऐलान किया। वक्ताओं ने कहा कि टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ दिनेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व व जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रदेश एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश त्यागी जी के संयोजकत्व में क्रमबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इसके पहले चरण में 22 फरवरी को सोशल मीडिया साइट एक्स पर अभियान चलाया जाएगा। 23 से 25 फरवरी काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया जाएगा। 26 फरवरी को बीएसए कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने के बाद डीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। यदि सरकार शिक्षकों के साथ न्याय नहीं करेगी तो मार्च के तीसरे सप्ताह दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल महारैली किया जाएगा। बैठक में महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष नीलम सिंह, ऋषिकेश जायसवाल, संदीप कुमार द्विवेदी, आनंद प्रकाश यादव, ज्ञान प्रकाश मिश्र, बैजनाथ पति त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।