...फोटो समाचार
जिला पंचायत सभागार में भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित हुआ शिक्षक सम्मेलन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। साहित्यकार डॉ. अरुणेश नीरन ने कहा कि जो दूसरे को सत्य का ज्ञान कराता है वही शिक्षक है। जो ईश्वर के तत्व का ज्ञान करा दे वह गुरु है। पहले शिक्षको को बहुत आदर सम्मान दिया जाता था, लेकिन आज के समय में ऐसा नहीं देखने को मिलता। आज का शिक्षक सत्ता से जुड़ रहा है, जो भविष्य के लिए खतरनाक है।
वह शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की महती भूमिका विषय पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
सांसद सलेमपुर रविंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिना शिक्षक के बेहतर समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक हमेशा पूज्यनीय है और राष्ट्र व सरकार को मजबूत करने में उनकी भी महती भूमिका है।
बरहज के विधायक दीपक मिश्र शाका ने कहा कि शिक्षक समाज को नई दिशा देने वाला होता है। विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका है।
क्षेत्रीय संयोजक रमेश सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्या का समाधान अति शीघ्र होगा। पेंशन के संबंध में लगातार वार्ता हो रही है। भाजपा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि देश को मजबूत करने के लिए शिक्षक का सहयोग महत्वपूर्ण है। मौके पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी महिला शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष पं. गिरीश चंद्र तिवारी ने किया। कार्यक्रम के जिला संयोजक नरेंद्र तिवारी सभी का स्वागत किया। इस दौरान संजय मिश्र, विनोद मिश्र, संजय तिवारी, कमलेश, ज्ञान मिश्र, हेमा त्रिपाठी, कीर्ति मिश्रा, नीलम सिंह, कंचनलता, सुमन, संध्या शुक्ला आदि मौजूद रहे।