25 क्षय रोगियों को समाजसेवियों व स्वास्थ्य कर्मियों ने लिया गोद
लार। स्थानीय सीएचसी के स्वास्थ्य कर्मियों और क्षेत्र के समाजसेवियों ने सोमवार को 25 क्षय रोगियों को गोद लिया। अब ये लोग उनकी देखभाल करेंगे। इस पहल से इनके प्रति समाज में भी सकारात्मकता आएगी। कार्यक्रम में शामिल होने आए सीएमओ व एसडीएम ने सीएचसी कैंपस में गंदगी देख फटकार लगाई और तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया।
टीबी से ग्रसित बच्चों की मदद के लिए समाजसेवी व स्वास्थ्य कर्मी आगे आ रहे हैं। क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सरकार की तरफ से 18 साल से कम आयु के टीबी पीड़ित बच्चों को समाजसेवी संस्थाओं के जरिए गोद लेने का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि बच्चे समय से अपनी दवाएं लेते रहें और समय-समय पर अपनी नियमित जांच कराते रहें। क्षय रोग को 2025 तक ख़त्म करने के उद्देश्य से काम किया जा रहा है। अगर इसका सही से उपयोग किया गया तो निश्चित ही प्रदेश 2025 तक टीबी से मुक्त हो जाएगा। सोमवार को सीएचसी में 25 क्षय रोगियों को स्वास्थ्य कर्मियों और समाजसेवी ने गोद लिया। इस दौरान एसडीएम ओमप्रकाश बरनवाल, चेयरमैन प्रतिनिधि जगदीश यादव, बीडीओ सुधा सिंह, ईओ राजननाथ तिवारी, अरुण सिंह गुड्डू, भाजपा नेता बलबीर सिंह दादा, चिकित्साधीक्षक डॉ. बीबी सिंह, डॉ. शमी अख्तर, डॉ. डीएन द्विवेदी, डॉ. रजनीश पांडेय, कुंजबिहारी सिंह, हेमंत कुमार उर्फ भोला, विष्णुकांत तिवारी आदि मौजूद रहे।
न्यूज डायरी 3
क्षय रोग के 19 मरीजों को पीएचसी पर लिया गया गोद
भाटपाररानी। पीएचसी पर सोमवार को 19 क्षय रोगियों को चिकित्साधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने गोद लिया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम कुमार ने 4 रोगियों, डॉ. अजीत गुप्ता चार रोगियों, डॉ. संजय कुमार ने तीन, स्वास्थ्य कर्मी सौरभ कुमार श्रीवास्तव, अविनाश तिवारी ने दो-दो रोगियों तथा दिग्विजय नाथ तिवारी और राजन कुमार ने एक-एक रोगियों को गोद लिया गया। उन्हें दवा के साथ-साथ प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ भी दिया गया।
..........