तरकुलवा। दो माह के भीतर तरकुलवा-बाबूपट्टी मार्ग की बदहाली दूर होगी। लोक निर्माण विभाग द्वारा इसका लेपन कार्य कराया जाएगा। इसके लिए 32.80 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस कार्य के पूर्ण होने पर आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों, किसानों और व्यापारियों को आने-जाने में हो रही दिक्कतों से राहत मिलेगी। आवागमन सुगम होगा।
देवरिया-कसया मार्ग पर मंडी मोड़ से कनकपुरा, कैलाचक होते हुए बाबूपट्टी को जोड़ने वाला तरकुलवा-बाबूपट्टी मार्ग पथरदेवा और तरकुलवा विकास खंडों को ग्रामीण क्षेत्रों से जोड़ने वाला एक प्रमुख मार्ग है। इस सड़क पर परसौनी, कनकपुरा, छोटा कौलाचक, बड़ा कौलाचक, बेलही, बाबूपट्टी आदि गांव स्थित है। इस सड़क से आए दिन हजारों की संख्या में छात्र, किसान, व्यापारी और आम लोगों का आवागमन होता है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से सड़क टूटकर गड्ढे में तब्दील हो चुकी थी।
गिट्टियां उखड़कर इधर-उधर बिखरी हैं, इससे अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसको देखते हुए कौलाचक के पंकज सिंह, संतोष यादव, अबुल हसन, बेलही के प्रधान बृजनारायण यादव, कनकपुरा के पूर्व प्रधान राम कृपाल राव, मुन्नू बाबू, राजकुमार राव आदि ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी। लोक निर्माण विभाग ने लगभग 6.5 किमी लंबी सड़क के डामरीकरण (लेपन) के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 32.80 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसके लिए अधिशासी अभियंता निर्माण खंड, लोक निर्माण विभाग ने टेंडर निकाला है।
टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस सड़क के बन जाने से आवागमन सुगम हो जाएगा। साथ ही इस सड़क के माध्यम से मुख्य मार्ग तक पहुंचने में लोगों को कम समय खर्च करना पड़ेगा। क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में काफी सहूलियत होगी।