वर्ष 2012 से स्पोर्ट्स स्टेडियम के ताइक्वांडो शिविर की हैं प्रशिक्षणार्थी
- कई स्कूल-कॉलेजों में छात्राओं को सिखा चुकी हैं आत्मरक्षा की तकनीकी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम की ताइक्वांडो खिलाड़ी प्रियंका कुमारी का चयन लखनऊ साईं में 15 से 17 जून तक होने होने वाले एशियन गेम क्वालीफिकेशन राउंड के लिए हुआ है। इसी वर्ष फरवरी माह में पुडुचेरी में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने माइनस 73 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीता था। इसी प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश के कुल तीन चयनित खिलाड़ियों में वह भी एक हैं।
चाइना के होंगजोऊ शहर में इसी वर्ष एशियन गेम्स प्रस्तावित है। इसमें जिले की भी एक खिलाड़ी के प्रतिभाग करने की उम्मीद बंध रही है। रामनाथ देवरिया निवासी बैंककर्मी श्रवण कुमार एवं गृहिणी रत्ना देवी की पांच संतानों में चौथे नंबर की प्रियंका वर्ष 2012 से ही स्टेडियम में संचालित ताइक्वांडो प्रशिक्षण शिविर की खिलाड़ी हैं। ताइक्वांडो सीखने के अलावा वह शहर के कई विद्यालयों में आत्मसुरक्षा का प्रशिक्षण भी छात्राओं को दे चुकी हैं। वह कहती हैं कि आज के माहौल को देखते हुए हर लड़की को ताइक्वांडो या आत्मसुरक्षा के जुड़े किसी खेल को सीखना ही चाहिए। इससे खुद का आत्मविश्वास बढ़ने के अलावा तन और मन दोनों मजबूत होंगे और कभी भी विपरीत परिस्थितियों का सामना करने में डर नहीं लगेगा।
-
अंतर्राष्ट्रीय में एक और नेशनल में दो पदक जीत चुकी हैं
ताइक्वांडो में 10 साल के कॅरियर में प्रियंका ने 30 से अधिक स्टेट चैंपियनशिप एवं प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के बाद 12 नेशनल में प्रतिभाग करते हुए दो में पदक जीता है। वर्ष 2018 में थाईलैंड में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 59 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनावाया। शुक्रवार को प्रियंका ने बताया कि एशियन गेम्स के क्वालीफाईंग राउंड के लिए प्रदेश से कुल तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इसमें दो खिलाड़ी लखनऊ साई छात्रावास के एवं तीसरी वह खुद हैं। क्वालीफिकेशन ट्रायल पहले 27 से 30 मई तक लखनऊ छात्रावास में था, इसे अब बदलकर 15 से 17 जून तक कर दिया गया है। पुडुचेरी में आयोजित नेशनल में प्रदर्शन के आधार पर ही प्रदेश के कुल तीन खिलाड़ियों का चयन एशियन गेम के क्वालीफिकेशन राउंड के लिए हुआ है। फिलहाल वह ट्रायल में अच्छा प्रदर्शन करने एवं भारतीय टीम का नेतृत्व करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।
-
प्रशिक्षक बोले- मेहनत और जज्बे की बदौलत ताइक्वांडो में बनाई नई पहचान
प्रशिक्षक गिरीश सिंह ने बताया कि प्रियंका ने अपनी मेहनत और जज्बे की बदौलत जिले में ताइक्वांडो खेल में नजीर बनकर दिखाया है। वह कई स्टेट व नेशनल के अलावा थाइलैंड में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन कर चुकी हैं। एशियन गेम्स के क्वालीफिकेशन दौर में प्रदेश के चयनित तीन खिलाड़ियों में उनका भी चयन सीनियर बालिका वर्ग में अंडर-73 किलोभार वर्ग में हुआ है। एशियन गेम्स पिछले साल ही होना था, लेकिन कोरोना के चलते इसे इस वर्ष आयोजित किया जा रहा है।