महिला में संभावित ब्लैक फंगस के लक्षण मिले, रेफर
पुणे में कोरोना से जंग जीतने के बाद देवरिया आई मायके
स्वस्थ होने के बाद आई दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बाबू मोहन सिंह जिला चिकित्सालय में संभावित ब्लैक फंगस का मरीज आने से हड़कंप मच गया। उसके चेहरे में सूजन तथा आंख में दिक्कत थी। महिला चौरीचौरा क्षेत्र की रहने वाली है जबकि उसका मायका बरहज थाना क्षेत्र में है।
वह महाराष्ट्र के पुणे में रहती थी, जहां कोरोना की चपेट में आ गई। कोरोना से ठीक होने के बाद उसे दिक्कत हुई। इसके बाद वह मायके आ गई। यहां उसका इलाज निजी चिकित्सालय में कराया गया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी और ब्लैक फंगस डेस्क के डॉक्टरों ने उसकी जांच की। चिकित्सकों के अनुसार महिला का चेहरा सूजा था, आंख में दिक्कत थी तथा बाएं तरफ चेहरे पर संभवत: फालिज भी मार दिया था। उसे रेफर कर दिया गया है।
इस संबंध में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि जिला अस्पताल में संभावित ब्लैक फंगस का केस सामने आया। जांच करने तथा पहले की जांच रिपोर्ट देखने के बाद उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया गया है।