भाटपाररानी। बनकटा थाना क्षेत्र के एक गांव की छेड़खानी की शिकार युवती का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की छानबीन कर रही एसओजी के हाथ कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर लगे हैं। टीम इन नंबरों की छानबीन कर मामले का खुलासा करने में जुटी है।
बनकटा थाना के एक गांव की छेड़खानी की शिकार युवती का शव एक सितंबर को बिहार के दासनरहिया रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर मिला था, जो कमर से दो हिस्सों में कटा हुआ था। बिहार सीमा में होने के कारण मैरवा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। युवती की मां की नामजद तहरीर पर पुलिस ने घर के बगल के पांच लोगों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है। ये आरोपी वही हैं जिनके विरुद्ध तीन माह पहले युवती से छेड़खानी और मारपीट करने का केस दर्ज हुआ था। आरोप है कि इन लोगों ने सुलह-समझौता नहीं होने पर युवती के हत्या करने की धमकी भी दी थी।
वहीं, युवती की मां ने गोरखपुर जनता दरबार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर बनकटा थाने की पुलिस पर मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। एसपी संकल्प शर्मा ने इसकी जांच एसओजी को सौंपी है। एसओजी टीम घटनास्थल और युवती के गांव व घर पहुंचकर जांच कर चुकी है। टीम पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से युवती के घर की दूरी और उसके मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल के आधार पर जांच-पड़ताल का दायरा बढ़ाते हुए घटना के खुलासे में जुटी है। एसओ मुकेश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी। आरोपियों पर पुलिस की नजर है।