भटनी। रामपुर खुरहुरिया वार्ड निवासी सूरज राजभर की मौत के मामले में पुलिस आरोपियों के मोबाइल लोकेशन और मोबाइल टावर की रेंज में आने वाले लोगों की जांच कर रही है।
साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं, घटना के करीब एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी गिरफ्तारी न होने से परिजनों में नाराजगी है। भटनी के रामपुर खुरहुरिया वार्ड निवासी सूरज राजभर (20) का शव रविवार सुबह वार्ड के पास एक स्कूल के पीछे पेड़ से लटका मिला था।
इससे नाराज परिजनों ने सोमवार को सड़क जाम कर पिवकोल में बाइक टक्कर के विवाद में हत्या की आशंका जताई थी।
मामले में पुलिस ने तीन-चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने पिवकोल से लेकर घटनास्थल तक लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। ऐसे में अब पुलिस आरोपियों के मोबाइल लोकेशन और घटनास्थल के पास स्थित मोबाइल टावर की जांच कर रही है। इसके अलावा गठित टीमें लगातार छापेमारी कर आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
वहीं, मृतक के पिता मधु राजभर और मां डिंपी राजभर ने बताया कि करीब एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।