गाँवों में मनाया गया जलार्पण उत्सव , ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प
देवरिया। हर घर जल योजना के तहत जिले के 40 गांवों में पिछले एक महीने के भीतर पाइपलाइन से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति शुरू हो गई है। ये गांव 24 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आते हैं। इसके साथ ही जिले में अब तक करीब 500 गांवों तक नल से पानी पहुंचने लगा है।
जल निगम ग्रामीण की ओर से अक्तूबर में इन गांवों में जलापूर्ति शुरू कराने की तैयारी की गई थी। इसके बाद विभिन्न गांवों में विशेष अतिथियों की मौजूदगी में जलार्पण उत्सव आयोजित किए गए। ग्रामीणों ने घरों में नल से स्वच्छ पानी मिलने पर खुशी जताई और जल संरक्षण का संकल्प लिया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को पानी के महत्व और उसके सदुपयोग के प्रति जागरूक भी किया गया।
अधिशासी अभियंता अखिल आनंद ने बताया कि हर घर जल योजना के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में पानी की टंकी बनाकर पाइपलाइन के जरिये घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। जिले में कुल 1150 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें 425 योजनाओं के माध्यम से करीब 500 गांवों में जलापूर्ति शुरू हो चुकी है। शेष परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। मार्च तक 300 और गांवों में जलापूर्ति शुरू कराने का लक्ष्य है। लंबित परियोजनाओं के लिए बजट मिलने पर निर्माण कार्य में तेजी आएगी।
उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को घर पर ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। इससे दूषित पानी के सेवन से होने वाली जलजनित बीमारियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। खासकर कम गहराई वाले हैंडपंपों के दूषित पानी पर निर्भरता कम होगी। विभाग की ओर से ग्रामीणों को पानी की बर्बादी रोकने और जलस्रोतों को सुरक्षित रखने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।