हाल के दिनों में देवरिया में आ चुके हैं खुदकुशी के कई मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक विद्यालय में बाथरूम में तीन सहेलियों के साथ सामूहिक रूप से सिगरेट पीते पकड़े जाने। बैग में सिगरेट व माचिस मिलने के बाद डांट और पिटाई से नाराज छात्रा की खुदकुशी का मामला जिले में नया नहीं है। इससे पहले कई घटनाएं और भी हुई हैं। घरवालों की डांट, समय से फीस न जमा होने या अन्य किसी बात से नाराज होकर युवाओं या छात्र-छात्राओं ने आत्मघाती कदम उठाया है। छात्र-छात्राओं में बढ़ती आत्महत्या की प्रवृत्ति माता-पिता और अन्य लोगों के लिए चिंता का कारण बन गई है।
केस-एक
पत्नी और मां से नाराज युवक ने फंदा लगाकर दी जान
अभी बीते सात फरवरी की बात है। महुआडीह थानाक्षेत्र के बरनई गांव में पारिवारिक विवाद में एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। इस गांव का सुरेंद्र उर्फ फुलेंद्र यादव मजदूरी करता था। बुधवार की शाम को किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हो गया। पत्नी व मां से मारपीट भी की। इससे नाराज होकर मां और पत्नी दोनों अपने-अपने मायके चलीं गईं। देर रात को सुरेंद्र ने अपने घर के दरवाजे पर दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी।
केस-दो
भाई और मां ने मोबाइल फोन चलाने से रोका तो छात्रा ने दे दी जान
बीते 14 जनवरी को ही सुरौली थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव की रहने वाली एक किशोरी ने भाई और मां के मोबाइल फोन चलाने से रोकने पर गले में फंदा लगाकर जान दे दी थी। इमरजेंसी से शव लेकर भाग रहे घरवालों को होमगार्डों ने रोक लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जमील अंसारी की 15 वर्षीय बेटी फिजा कक्षा छह में पढ़ती थी। बताया जाता है कि सुबह करीब आठ बजे वह अकेले बैठकर मोबाइल फोन चला रही थी। भाई ने कई बार इसके लिए मना किया, लेकिन वह नहीं मानी। इसको लेकर भाई और बहन के बीच झगड़ा हो गया। शोर सुनकर पहुंची मां ने पूरी बात सुनने के बाद फिजा को डांट दी।-
केस-तीन
फंदे से लटका मिला था छात्र का शव
बीते 18 मई को मईल थाना क्षेत्र के देवकली गांव निवासी मोहित कुशवाहा पुत्र दीनानाथ कुशवाहा (15) शुक्रवार की सुबह सो कर उठा और नित्यक्रिया के बाद नाश्ता किया। इसके बाद स्कूल जाने की तैयारी करने लगा। मां सहित परिवार के अन्य लोग अपने काम पर चले गए। घर में परिवार का कोई सदस्य नहीं था। उसी दौरान उसने घर की दूसरी मंजिल पर गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
केस- चार
देवरिया शहर के ओवरब्रिज से युवती ने लगाई छलांग
बीते दो अगस्त को देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर स्थित ओवरब्रिज से दोपहर में एक युवती ने छलांग लगा दी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। आसपास के लोगों ने उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया, जहां पहले से पहुंचे परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल चले गए। वह देवरिया शहर के एक मोहल्ले की निवासी है।
केस-पांच
बीएससी नर्सिंग की फीस का नहीं हो सका इंतजाम तो युवती ने दे दी जान
बीते सात अगस्त को बघौचघाट थाना क्षेत्र के रामनगर गांव की एक एक युवती ने बीएससी नर्सिंग में एडमिशन नहीं होने से नाराज होकर आत्महत्या कर ली। उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला था। पुलिस ने आत्महत्या का मामला मानकर केस दर्ज कर लिया। परिजनों के अनुसार, वह बीएससी नर्सिंग में प्रवेश लेना चाहती थी। इसके लिए रुपयों का इंतजाम नहीं हो पा रहा था। इससे वह नाराज रहती थी। 18 वर्षीय छात्रा का नाम पुनीता था।
समाजशास्त्री बोले
अचानक कोई परिस्थिति आती है तो परिवार के लोग संबल देने का काम करते हैं। आधुनिक समाज में संबंधों में दूरी बढ़ गई है। इससे प्रगाढ़ता में कमी आ रही है। सहयोग नहीं मिल रहा है। संवादहीनता बढ़ रही है। ऐसे में विषम परिस्थिति आने पर युवा और बच्चे सही निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। इससे आत्महत्या जैसे कदम उठा ले रहे हैं।
-डॉ. विवेक मिश्र, समाजशास्त्री
मोबाइल के अधिक प्रयोग से परिवार से दूरी बढ़ रही है। पारिवारिक संस्कार नहीं मिल पा रहा है। इससे युवाओं और बच्चों में सोचने-समझने की क्षमता कम होती जा रही है। इनमें भाव पक्ष हावी हो रहा है। छोटी-छोटी बातें बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। तर्क नहीं ले पा रहे हैं। इससे आत्मघाती कदम उठा ले रहे हैं। सामाजिक और पारिवारिक संस्कारों को बढ़ावा देने की जरूरत है।
-प्रोफेसर नाजिश बानो, विभागाध्यक्ष मनोविज्ञान विभाग, संत विनोबा पीजी कॉलेज