भागलपुर। बाढ़ खंड के अधिकारियों ने भागलपुर छित्तूपुर तटबंध पर देवसिया गांव के पास बुधवार को स्पर बंधे पर चौपाल लगाकर ग्रामीणों का सुझाव लिया। बचाव के उपाय और कटान वाली जगह को चिह्नित कर इस साल होने वाले कटान रोधी कार्य के बारे में बताया। ब्लाॅक के ग्राम पंचायत देवसिया, छित्तूपुर, भागलपुर में दशकों से किसानों की भूमि काटते हुए सरयू इन गांवों के 50 मीटर दूरी पर पहुंच गई है। एक दशक में बाढ़ खंड द्वारा लगभग 40 करोड़ रुपये खर्च कर लगभग पांच परियोजनाओं का कार्य कराया गया। तटवर्ती लोगों को कटान से निजात तो मिली लेकिन स्थाई निजात आज तक नहीं मिल पाई।
बुधवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर देवसिया गांव के पास कटान रोकने के लिए बनाए गए स्पर बंधे पर बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता राधेश्याम प्रसाद ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से बातचीत कर सुझाव लिए और गांवों को कटान से जुड़ी प्रस्तावित परियोजनाओं, तटबंधों के सुदृढ़ीकरण की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि विभाग का लक्ष्य बाढ़ की जोखिम को कम करना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा कार्य, तटबंध की ऊंचाई बढ़ाने, मिट्टी के कटान रोकने से संबंधित जानकारी दी। ग्राम प्रधान पति अमरेंद्र सिंह मिंटू ने गांव के कटान की समस्या को रखा।
भागलपुर निवासी शंभूनाथ साहनी ने कहा कि बाढ़ के समय नदी का कटान बढ़ जाता है। इस दौरान सहायक अभियंता उपेंद्र कुमार, जेई विवेक कुमार, दीनबंधु सिंह, लालमोहन प्रसाद माैजूद रहे।