आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने पर किशोरी ने जान दी
गौरीबाजार के एक गांव का मामला, पुलिस को बताए बिना कर दिया गया अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। गौरीबाजार थानाक्षेत्र के एक गांव में प्रेमी के साथ आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से खफा किशोरी ने आत्महत्या कर ली। घटना पांच दिन पूर्व की है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही अंतिम संस्कार कर दिया।
गौरीबाजार थानाक्षेत्र के एक गांव की 15 साल की किशोरी का गांव के ही किशोर से प्रेम संबंध था। दोनों को गांव के बाहर मिलने के दौरान बगल के गांव के एक किशोर ने वीडियो बना लिया। यही नहीं, वीडियो को किशोरी के गांव के कुछ लोगों के मोबाइल फोन पर वायरल भी कर दिया। इसी जानकारी किशोरी को हुई तो उसने भी वीडियो देखा। बताया जा रहा है कि इससे अवसाद में चली गई किशोरी ने पांच दिन पूर्व घर में फंदे पर लटकर जान दे दी। परिवारवालों ने इज्जत की खातिर पुलिस को बिना बताए ही दाह संस्कार कर दिया। उधर, चर्चा है कि गौरीबाजार पुलिस ने वीडियो वायरल करने वाले किशोर को पकड़ लिया है, हालांकि पुलिस इससे इन्कार कर रही है। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि मामले की जानकारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।