सलेमपुर। सलेमपुर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय सोहनाग के विद्यार्थियों ने इस वर्ष भी राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद में विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय के सात छात्राओं सहित कुल आठ विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की।
सोमवार को विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राथमिक शिक्षक संघ सलेमपुर के अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने कहा कि पूरे जनपद में यह विद्यालय अपनी अलग पहचान रखता है। इस वर्ष सात छात्राओं की सफलता नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक संदेश देती है। इस परीक्षा में अलीशा, साक्षी, गोल्डी, अनन्या, फहमीदा, नंदिनी, आकृति और आदित्य ने सफलता प्राप्त की।
प्रधानाध्यापक जय किशुन ने कहा कि विद्यालय के शिक्षकों के समर्पित प्रयासों के कारण हर वर्ष बेहतर परिणाम प्राप्त हो रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शैक्षणिक कार्य में कोई कमी नहीं छोड़ी जाती। इस बार छात्राओं ने विशेष रूप से बेहतर प्रदर्शन किया है। विद्यार्थियों की सफलता पर पूरे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा। सभी सफल बच्चों का मुंह मीठा कराकर उनका स्वागत और सम्मान किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सत्येंद्र सिंह, चंदन गुप्ता, सुधाकर मिश्र, उग्रसेन सिंह के अलावा दिलीप गोंड, जितेंद्र यादव, सुनीता यादव, रुद्र नारायण, अरुणिमा, धीरेंद्र द्विवेदी, रवि प्रकाश, रणविजय सिंह, रंजना श्रीवास्तव, रवि प्रताप सिंह, अमित कुशवाहा सहित कई अभिभावक उपस्थित रहे।