खुखुंदू थाना क्षेत्र के डुमरिया लाला गांव के पास घटना को दिया गया अंजाम
महिलाओं के दौड़ाने पर छात्र को छोड़कर भागे हमलावर, पुलिस ने दर्ज किया केस
फोटो समाचार...
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के डुमरिया लाला गांव के पास परीक्षा देकर घर लौट रहे 12वीं के छात्र की कुछ मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। हमलावरों ने छात्र को इस कदर पीटा कि उनकी हाॅकी टूट गई। महिलाओं के दौड़ाने पर हमलावर मौके से भाग निकले।
शुक्रवार को पुलिस ने पीड़ित परीक्षार्थी की तहरीर पर तीन नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के मुसैला खुर्द निवासी परीक्षार्थी अविनाश पटेल 12वीं के छात्र है। बृहस्पतिवार को उसकी अंतिम परीक्षा रसायन विज्ञान की थी। वह बाइक से परीक्षा देने बाबू बभनी इंटर कॉलेज गया था। परीक्षा खत्म होने के बाद वह बाइक से घर के लिए चला। वह अभी देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर डुमरिया लाला गांव के पास ही पहुंचा था कि पहले से तीन बाइकें लगाकर खड़े युवकों ने उसे हाथ देकर रोक लिया। वह अभी कुछ समझता तब तक युवकों ने उसपर हाॅकी से वार शुरू कर दिया।
जब अविनाश चीखने-चिल्लाने लगा तो आसपास की महिलाएं दौड़ते हुए आईं। हमलावर महिलाओं को आते देखकर भाग निकले। पीड़ित ने घर जाकर आपबीती सुनाई। परिजन इलाज कराकर शुक्रवार को थाने पहुंचे।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि चोटिल छात्र को मेडिकल के लिए भेजा गया है। तहरीर पर राजन गिरी, नितिन गिरी, सत्यम गिरी निवासीगण दोघड़ा थाना खुखुंदू और चार अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि केस दर्ज कर छात्र को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।