पैकौली। सोमवार दोपहर तेज आंधी और बारिश के कारण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे तार टूट गए।
वहीं, खेत में 11 हजार वोल्ट की लाइन का पोल भी गिर गया। इसके चलते वेस्ट फीडर और पवहारी महाराज फीडर से जुड़े कई गांवों में सोमवार दोपहर से बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बहोरवां, हरैया, कोलुहा, सिंगही, छितरूआ, सुरौली, पैकौली, फुलवरिया लच्छी और बैदा समेत कई गांवों में पूरी रात बिजली नहीं आई। इससे ग्रामीणों को पेयजल, मोबाइल चार्ज करने और घरेलू कामकाज में परेशानी हुई। बिजली से संचालित उपकरण बंद रहने से भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
आंधी के बाद से ही बिजली निगम के जेई और लाइनमैन क्षतिग्रस्त तारों को जोड़ने और गिरे पोल को ठीक करने में जुटे हैं। कई स्थानों पर लाइन की मरम्मत का काम चल रहा है।
उसरा के एसडीओ अरुण कुमार ने बताया कि आंधी-बारिश से कई जगह बिजली के तार और पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
शाम तक सभी प्रभावित गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।र