फर्जी शिक्षक को एसटीएफ ने विद्यालय से किया गिरफ्तार
खुखुंदू (देवरिया)। थाना क्षेत्र के महुई संग्राम प्राथमिक विद्यालय में तैनात एक फर्जी शिक्षक को शनिवार को एसटीएफ टीम ने स्कूल से गिरफ्तार कर लिया। वह महराजगंज में तैनात एक शिक्षक के नाम पर पता बदलकर फर्जी दस्तावेज के सहारे क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में नौकरी कर रहा था। एसटीएफ निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने फर्जी शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
महराजगंज जनपद के थाना चौक के कम्हरिया कला निवासी सतीश कुमार गोयल पूर्व प्राथमिक विद्यालय चैनपुर में शिक्षक पद पर नियुक्त हैं। उनके नाम पर परसिया करकटही निवासी अनिल कुमार पुत्र गनपति प्रसाद सलेमपुर कोतवाली के पड़री तिवारी का फर्जी पता देकर महुई संग्राम प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक पद पर तैनात था। एसटीएफ की जांच पड़ताल में मामला उजागर होने पर एसटीएफ की टीम ने अनिल को शनिवार दोपहर को विद्यालय से गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि फर्जी शिक्षक पूर्व में जेल जा चुके मझौलीराज के नदावर घाट निवासी मुक्तिनाथ का साला है। इस मामले में उसकी भी संलिप्तता पाई गई है। खुखुंदू थाने में फर्जी शिक्षक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसओ मुकेश कुमार मिश्र ने बताया फर्जी शिक्षक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।