सोने की पन्नी चढ़ी पीतल की मूर्ति और चांदी की छतरी गायब
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। मदनपुर कस्बे के कदमहीं वार्ड स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर से रविवार की सुबह सोने की पन्नी चढ़ी पीतल की लड्डू-गोपाल की मूर्ति और चांदी की छतरी गायब हो गई। इसकी जानकारी होने पर खलबली मच गई। सूचना पर पहुंचे एडीशनल एसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने मौके का मुआयना किया।
कदमहीं वार्ड स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में लड्डू-गोपाल की कीमती मूर्ति थी। जबकि उसके ऊपर चांदी की छतरी भी लगी थी। शनिवार की शाम पुजारी मंदिर को बंद कर सोने चले गए। सुबह मंदिर से मूर्ति और छतरी गायब थी। जानकारी होने पर आसपास के लोग जुट गए। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष नवीन चौधरी ने चोरी की घटना का तहकीकात की। एएसपी ने भी लोगों से पूछताछ की। उन्होंने कहा कि मूर्ति और छतरी चोरी हुई है। इसका जल्द पटाक्षेप कर दिया जाएगा।