देवरिया। जिले के मरीजों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अब हायर सेंटर नहीं जाना पड़ेगा। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज परिसर में बन रहे नए ट्राॅमा सेंटर में ही अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ इलाज हो सकेगा।
ट्राॅमा सेंटर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। शीघ्र ही भवन को मेडिकल कॉलेज प्रशासन को हैंडओवर किए जाने की तैयारी है। भवन मिलते ही इसके सुचारू संचालन के लिए कर्मचारियों और पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या में वृद्धि की जाएगी।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं और अन्य गंभीर आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को त्वरित और उच्चस्तरीय इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ट्राॅमा सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है।
वर्तमान में गंभीर रूप से घायल मरीजों को अक्सर गोरखपुर, वाराणसी या लखनऊ रेफर करना पड़ता था। इससे इलाज में कीमती समय बर्बाद होता था।
ट्राॅमा सेंटर के शुरू होने से न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि त्वरित चिकित्सा सुविधा मिलने से कई जानें बचाई जा सकेंगी।