देवरिया। तरकुलवा थानाक्षेत्र के पथरदेवा कस्बा में मंगलवार देर शाम गांजा पीने के दौरान दोस्तों के बीच विवाद हो गया। इसमें एक दोस्त ने दूसरे पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। आसपास के लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए सीएचसी पथरदेवा भेजवाया, जहां हालत गंभीर देख डाॅक्टरों ने उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां से भी चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पथरदेवा कस्बा के बताशा गली निवासी उपेंद्र मद्धेशिया (30) कस्बा में ठेले पर चाट आदि बेचने का काम करता है। मंगलवार देर शाम वह अपने कुछ दोस्तों के साथ गांजा पी रहा था। इस बीच किसी बात को लेकर उनमें आपस में विवाद हो गया। इस बीच एक दोस्त ने उपेंद्र पर हमला बोल दिया और उसके सिर पर पीछे से चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौका देखकर आरोपी युवक वहां से फरार हो गया। आनन-फानन आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल भेजवाया। थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।