बरहज में अधिग्रहीत जमीनों का रेट नहीं तय करने को लेकर बाइपास पर प्रदर्शन करते सपाई संवाद
मनमाने ढंग से बेशकीमती जमीन कब्जा करना चाहती है सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के कपरवार से रामजानकी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए एनएच विभाग भूमि अधिग्रहण करा रहा है। बिना सर्किल रेट बताए किए जा रहे अधिग्रहण को लेकर बृहस्पतिवार को सपाइयों और किसानों ने प्रदर्शन किया। 48 घंटे के भीतर रेट सामने न आने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी है।
सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता और किसानों ने देवरिया बाईपास पर बैठक की। उसके बाद सरकार के खिलाफ सभी ने प्रदर्शन किया। विजय ने कहा कि बिना सर्किल रेट बताए सरकार किसानों की बेशकीमती जमीन औने-पौने दामों पर हड़पना चाहती है। उचित दाम की घोषणा न किए जाने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। एनएच विभाग कपरवार से कुडौली होते हुए बिहार बाॅर्डर तक रामजानकी मार्ग पर चौड़ीकरण कार्य करा रहा है। जिसके लिए धन अवमुक्त किया गया है। मौके पर राजाराम यादव, सुरेंद्र कुमार, राजन गुप्त, रामाश्रय, अनिल मल्ल और कृष्णनंदन आदि मौजूद थे।