- बैडमिंटन कोर्ट में लग रहे लकड़ी को अपने साथ ले गए, एक कर्मचारी के हस्ताक्षर न करने पर जताई नाराजगी
देवरिया। खेल निदेशक एवं अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी डॉ. आरपी सिंह ने मंगलवार की दोपहर अचानक स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंच गए। उन्होंने उपस्थिति पंजिका को देखा और परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार की दोपहर ग्राउंड पर पहुंच गए। उनके आने के बाद बाहर निकले जिला क्रीड़ाधिकारी फौरन वहां पहुंचे। खेल निदेशक ग्राउंड से सीधे नवनिर्मित वालीबाल व क्रिकेट छात्रावास, वालीबाल कोर्ट, तरणताल, बैडमिंटन हॉल, स्टोर रुम सहित अन्य निर्माण कार्यों को देखा और इनकी प्रगति और हैंडओवर प्रक्रिया के बारे में पूछताछ की। बैडमिंटन के वूडेन कोर्ट में लग रहे लकड़ी का नमूना भी अपने साथ लिया। इसके बाद कार्यालय में आकर प्रशिक्षकों व कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका को देखा। एक अंशकालिक कर्मचारी के उपस्थित होने के बावजूद हस्ताक्षर नहीं किए जाने पर नाराजगी भी जताई।
करीब आधे घंटे तक वह स्टेडियम में रहे और यहां चल रही गतिविधियों से परिचित हुए। खेल निदेशक डॉ.आरपी सिंह ने बताया कि स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों की जांच की गई, साथ ही इसकी प्रगति व हैंडओवर प्रक्रिया के बारे में पूछताछ की गई। बैडमिंटन कोर्ट में लकड़ी किस क्वालिटी का लगाया जा रहा है, इसकी जांच कराने के लिए वह एक नमूना लखनऊ ले जा रहे हैं । उनके जाने के बाद अधिकारी व कर्मचारी सभी ने राहत की सांस ली। क्रीड़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि अचानक खेल निदेशक स्टेडियम पहुुंचे थे। निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के बाद वह कर्मचारियों व प्रशिक्षकों की उपस्थिति पंजिका की जांच किए और अपने साथ बैडमिंटन कोर्ट में लग रहे लकड़ी का नमूना भी अपने साथ ले गए।