- आधार संबंधित सेवाओं के लिए शुल्क निर्धारित
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। अधीक्षक डाकघर देवरिया परिमंडल देवरिया अजय पांडेय ने बताया कि डाक विभाग की तरफ से देवरिया मंडल के अंतर्गत देवरिया जनपद के प्रधान डाकघर एवं विभिन्न उप डाकघरों में आम नागरिकों का नया आधार कार्ड एवं आधार कार्ड में संशोधन किया जाएगा।
जिले के बरहज, भागलपुर, भटनी, भाटपार रानी, खुखुंदू, लार, लार रोड, मदनपुर, मझौली राज, गौरी बाज़ार, नई बाज़ार, रामपुर, रुद्रपुर, सलेमपुर, गौरा जयनगर, चकरा गोसाई, प्रतापपुर तथा कुशीनगर जनपद के प्रधान डाकघर पड़रौना एवं विभिन्न उप डाकघरों में सुकरौली, फाजिलनगर, हाटा, हेतिमपुर, कसया, लक्ष्मीगंज, रामकोला में विशेष अभियान के तहत आम नागरिकों का नया आधार कार्ड एवं आधार कार्ड में संशोधन किया जाएगा। विशेष अभियान का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज़ के साथ उपस्थित होकर जन सामान्य अपना आधार कार्ड बनवा अथवा संशोधन करा सकते है।
आधार संबंधित सेवाओं के लिए अधिकतम शुल्क के विवरण में उन्होंने बताया है कि आधार नामांकन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक निःशुल्क है। ई-आधार डाउनलोड और ए-4 शीट पर रंगीन प्रिंट के लिए शुल्क 30 रुपए, जनसंख्यकीय अद्यतन हेतु शुल्क 50 रुपए तथा जनसंख्यकीय अधतन के साथ बायोमेट्रिक अद्यतन के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।