संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की देखरेख में जिले के परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए अंतरिक्ष पर आधारित एक अनोखी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक सुदीप पांडेय ने बताया कियह प्रतियोगिता 15 सितंबर आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना है। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 और कक्षा 9 से 12 तक के छात्र हिस्सा सकते हैं।
यह कार्यक्रम परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को भी शहरी छात्रों के समान अवसर मिल सके। यह प्रतियोगिता मल्टीपल च्वायस क्वेश्चनऔर पोस्टर प्रतियोगिताओं के रूप में आयोजित की जाएगी। कक्षा छह से आठ तक के छात्र पोस्टर बनाएंगे। वहीं कक्षा नौ से 12 तक के छात्र एमसीक्यू हल करेंगे। इसके जरिए छात्रों को अंतरिक्ष, उपग्रहों, रॉकेट प्रौद्योगिकी और भारत के अंतरिक्ष मिशनों से संबंधित विषयों पर अपनी रचनात्मकता और ज्ञान का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
पूरी प्रतियोगिता की निगरानी और मार्गदर्शन इसरो की एक विशेष टीम द्वारा किया जाएगा। विद्यालय स्तर पर सफल छात्रों को 25 सितंबर को राजकीय इंटर कालेज में जनपदीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा।
समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक सुदीप पांडेय ने बताया कि सदर सांसद शशांक मणि के प्रयास से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।